HPU जल्द भरेगा जूनियर ऑफिस असिस्टैंट (आई.टी.), प्रोग्रामर व डाटा एंट्री आप्रेटर के खाली पद
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एच.पी.यू.) में गैर-शिक्षक कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। सूत्रों के अनुसार दिसंबर माह में ही वित्त समिति की बैठक बुलाई जा सकती है। इसमें गैर-शिक्षक कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने का मामला रखा जाएगा। सूचना के अनुसार विश्वविद्यालय में गैर-शिक्षक कर्मचारियों में जूनियर ऑफिस असिस्टैंट (जे.ओ.ए.) आई.टी., प्रोग्रामर व डाटा एंट्री आप्रेटर के करीब 200 पदों को भरा जाएगा।
विश्वविद्यालय में विभिन्न प्रशासनिक व परीक्षा शाखाओं के अलावा शैक्षणिक विभागों में स्टाफ की कमी खल रही है। कर्मचारियों की कमी के कारण परीक्षा परिणाम समय पर घोषित नहीं हो रहे हैं। वर्तमान समय में स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर की परीक्षाएं संचालित करने से लेकर परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए बढ़ते काम को देखते हुए नई नियुक्तियां जरूरी हैं और अभी काम की तुलना में स्टाफ बहुत कम है। इस वजह से कार्य समय पर पूरा नहीं हो रहा है। यहां बता दें कि कुलपति के निर्देशों के बाद सभी शाखाओं में जरूरत अनुसार नियुक्तियां व उपकरण खरीदने के लिए प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। अब मामले को वित्त समिति व कार्यकारी परिषद (ई.सी.) के समक्ष पेश किया जाएगा।
इसके बाद औपचारिकताएं पूरी कर स्टाफ की कमी को दूर किया जाएगा ताकि कामकाज सुचारू रूप से हो सके। ई.सी. से मंजूरी मिलने के बाद कम्प्यूटर सैंटर में प्रोग्रामर, डाटा एंट्री आप्रेटर्स व जे.ओ.ए. (आई.टी.) की नियुक्तियां होंगी। कम्प्यूटर सैंटर में स्टाफ की कमी का मामला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार के समक्ष उठने के बाद उन्होंने इस कमी को दूर करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश बीते दिनों दिए थे।
Source:- Punjab Kesari

Hello everyone! My name is Gaurav, My aim is to provide quality educational content, free study materials, and exam preparation resources to help students and job aspirants achieve their goals. I believe quality education should be accessible to everyone.





